
गया (Gaya) जिले से भीषण सड़क हादसे (Road Accident) की खबर सामने आई है, जहां हाइवा (Hiwa) की चपेट में आने से बाइक (Bike) सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा घने कोहरे के चलते हुआ है। वहीं इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि तीनों सोमवार अहले सुबह घर से एक ही बाइक पर गया रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान में सामने से आ रही हाईवा से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। पढ़िए पूरी खबर
गया जिला स्थित चंदौती थाना क्षेत्र के गया टेकारी मार्ग पर केवाली के पास सोमवार को घने कोहरे के कारण हाईवा और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के चंदौती थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के नेपा पंचायत के विशुनगंज गांव निवासी मोहम्मद तंजीर (22), मोहम्मद मिस्बाह (20) और मोहम्मद सादिक अंसारी (67) के रूप में की गई है। मिस्बाह और तंजीर सहोदर भाई है।
बताया जा रहा है कि मिस्बाह अपने भाई तंजीर और गांव के ही मोहम्मद सादिक को गया रेलवे स्टेशन पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान गया-टिकारी मुख्य सड़क मार्ग के केवाली और जमुने गांव के बीच तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ जाने से एक बाइक पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
वहीं इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस (Police) मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस संबंध में गया के एसएसपी (SSP) आशीष भारती ने बताया कि गया टिकारी रोड स्थित केवाली पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार हाईवा के चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद चालक मौके से फरार है। चंदौती थाने की पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार (Arrest) कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस गुस्साए लोगों को समझाने बुझाने में जुटी है।




