बगहा। बगहा पुलिस जिला के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलौरा (छवगरिया) गांव की सरेह में एक महिला का शव शनिवार की सुबह पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर बरामद किया।
ग्रामीणों के अनुसार महिला शुक्रवार के दिन अपने पशु के लिए घास काटने सरेंह गयी थी। देर शाम होने के बाद घर के बच्चों के रोने पर पड़ोसी महिला को खोजने के लिए सरेंह के तरफ गये, परन्तु महिला का कुछ पता नहीं चला। शनिवार के सुबह जब पड़ोसी दोबारा खोजने के लिए सरेंह के तरफ गये तो महिला का शव गन्ना के खेत में पड़ा हुआ मिला।
ग्रामीणों के मुताबिक सरेह में घास काटने गयी महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। मृत महिला छवगरिया गांव निवासी अनोज राम की 35 वर्षीय पत्नी प्रतिमा देवी है। महिला के पति केरल कमाने के लिए गया हुआ है। महिला अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती थी। ग्रामीणों को आशंका है कि उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बैलोरा रामनगर मुख्य सड़क को जामकर घंटों यातायात ठप कर दिया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के समझाने बुझाने और शीघ्र कारवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए फिर यातायात सुचारू हुआ।
रामनगर एसडीपीओ सत्यनारायण राम ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इसका खुलासा हो पाएगा। घटना के सन्दर्भ में दो लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पुछताछ कर रही है।उल्लेखनीय है कि इस माह रामनगर में यह तीसरी हत्या की घटना है।