नई दिल्ली। गुरुग्राम के बाद बाहरी उत्तरी जिले के बवाना में बने हुए राजीव रत्न आवास योजना के फ्लैट शुक्रवार दोपहर अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोगों का उपचार चल रहा है।
अब भी कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त (बाहरी, उत्तर) बृजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि ढह गई इमारत राजीव रतन आवास योजना का हिस्सा है।






इसमें लगभग 300-400 फ्लैट हैं।मौके पर तुरंत तीन जेसीबी, एक हाइड्रा और दो एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।घटनास्थल पर अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
मौके पर राहत बचाव कार्य लगातार जारी है। इससे पहले गुरुवार रात दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी ऐसा ही हादसा देखने को मिला था, जहां एक पॉश सोसाइटी की बिल्डिंग का हिस्सा गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 2:45 बजे नरेला थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली जल बोर्ड के पास एक बिल्डिंग ढह गई है, जिसमें 4-5 व्यक्ति, बच्चे मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।
डीसीपी बृजेंद्र कुमार यादव के अनुसार, मृतकों की पहचान रुकैया खातून, शहजाद, आफरीन और दानिश के रूप में हुई है। जबकि फातिमा और शहनाज का उपचार चल रहा है।
दमकल विभाग के अनुसार दोपहर 2:48 बजे उन्हें सूचना मिली की बवाना स्थित राजीव रत्न आवास योजना के कुछ फ्लैट गिर गए हैं। दमकल के पहुंचने तक वहां पर स्थानीय पुलिस पहुंच चुकी थी और मलबा हटाने का काम शुरू किया। वहीं,दो एंबुलेंस को भी मौके पर तैनात कर दिया गया है।
डीसीपी बृजेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि इस मामले में छह लोग दब गये थे। जिन्हें चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।








