आम आदमी को डबल झटका देने वाली खबर है। तेल कंपनियों ने मंगलवार को पेट्रोल-डीजल के बाद घरेलू रसोई गैस के दाम में भी 50 रुपये प्रति सिलेंडर का इजाफा किया है।
इसके साथ ही दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) की कीमत बढ़कर 949.50 रुपये हो गई है, जबकि पहले यह 899.50 रुपये था।

रूस और यूक्रेन में जारी जंग की वजह से कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब घरेलू स्तर पर दिखने लगा है। पेट्रोल और डीजल के बाद सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने मंगलवार को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (LPG Gas Cylinder) की कीमतों में बढ़ोतरी की है।
दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों में मंगलवार से घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी की गई है। 6 अक्टूबर 2021 के बाद यह पहली बढ़ोतरी है। इस महीने की शुरुआत में तेल कंपनियों ने 19 किग्रा कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 105 रुपये की बढ़ोतरी की थी।
तेल कंपनियों ने 137 दिनों बाद आज पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। 4 नवंबर के बाद तेल के भाव में यह पहली बढ़ोतरी है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बावजूद कीमतें तब से स्थिर हैं। नवंबर की शुरुआत में अंतर्राष्ट्रीय तेल की कीमतें 81-82 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थीं, जो अब 114 डॉलर प्रति बैरल हैं। नवंबर में पिछली बढ़ोतरी के बाद से कच्चे तेल की कीमतों में 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।
5 महीने बाद 50 रुपए महंगा हुआ 4.2 किग्रा गैस सिलेंडर
देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल (IOC) ने 5 महीने बाद बिना सब्सिडी वाला 14.2 किग्रा गैस सिलेंडर के भाव में इजाफा किया है। कीमत में इजाफा के बाद नई दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की नई दर 949.5 रुपए हो गई। इससे पहले यह 899.50 रुपये थी।
कोलकाता में रसोई गैस सिलेंडर का भाव 976 रुपये हो गया। इससे पहले यहां इसकी कीमत 926 रुपये थी। मुंबई में 949.50 रुपये हो गई। चेन्नई में बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत अब 965.50 रुपये है।
लखनऊ में घरेलू रसोई गैस की कीमत 938 रुपये से बढ़कर 987.50 रुपये हो गई। वहीं पटना में 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत 998 रुपये से बढ़कर 1039.5 रुपये हो गई।
देश के अन्य महानगरों मुंबई में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 899.50 रुपये से बढ़कर 949.50 रुपये हो गई है। इसी तरह कोलकाता में एलपीजी की कीमत 926 रुपये प्रति सिलेंडर से बढ़कर 976 रुपये हो गई है। वहीं, लखनऊ में घरेलू गैस का सिलेंडर अब 987.5 रुपये में मिलेगा, जबकि पटना में यह 998 रुपये प्रति सिलेंडर से बढ़कर 1039.5 रुपये पर पहुंच गया है।
इसके अलावा तेल कंपनियों ने 5 किलोग्राम और 10 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम में इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के साथ ही अब 5 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर 349 रुपये, जबकि 10 किलो ग्राम वाला 669 रुपये में मिलेगा। इतना ही नहीं 19 किलो ग्राम वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर भी अब 2,003.50 रुपये में मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने करीब 5 महीने से एलपीजी के दाम में इजाफा नहीं किया था। इससे पहले 6 अक्टूबर, 2021 को आखिरी बार एलपीजी की कीमत में बदलाव हुआ था। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव बाद एक बार फिर एलपीजी की कीमत में इजाफा किया गया है।