

बेतिया जिले के गोपालपुर थाने के गोपालपुर गांव के नजदीक बुधवार सुबह नौ बजे बड़ा हादसा हुआ। यहां ट्रैक्टर की चपेटे में आने से मैनाटांड बीएसएफसी के सहायक गोदाम प्रबंधक अशोक कुमार सिंह की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।वहीं, सिकटा के बीएसएफसी के सहायक गोदाम प्रबंधक अरविंद कुमार ठाकुर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
दोनों सहायक गोदाम प्रबंधक एक बाइक से बेतिया जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों सहायक गोदाम प्रबंधक एक ही बाइक से सुबे के खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह की बैठक में शामिल होने बेतिया जा रहे थे। इसी बीच बेतिया के ओर से आ रहे ट्रैक्टर के चपेट आकर गम्भीर रूप से जख्मी हो गए।
बाइक सिकटा के सहायक गोदाम प्रबंधक चला रहे थे। इनका हेलमेट इनकी जान बचा लिया। मैनाटांड के सहायक गोदाम प्रबंधक पूर्वी चम्पारण के पकडीदयाल के निवासी है, जो फिलहाल पूरे परिवार के साथ मुजफ्फरपुर में रहते है। वहीं सिकटा के सहायक गोदाम पूर्वी चम्पारण के चिरैया थाने के मिश्रौलिया गांव के बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही तत्क्षण गोपालपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों घायलों को इलाज के लिए बेतिया जाने
की तैयारी कर ही रही थी,कि इसी बीच मैनाटांड़ प्रखंड के बीएसएफसी के सहायक गोदाम प्रबंधक अशोक कुमार सिंह की मौत हो गई।वहीं गम्भीर अवस्था में जख्मी सिकटा के सहायक गोदाम प्रबंधक अरविंद कुमार ठाकुर को इलाज के लिए गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
पुलिस ने तत्काल घटना की सूचना मृत अधिकारी समेत घायल के परिजनों को दे दी। दोनों के परिजन बेतिया अस्पताल में पहुंच गए। दुर्घटना की खबर पर मंत्री लेसी सिंह, उनके सचिव विनय कुमार, नरकटियागंज के एसडीओ धन्नजय कुमार,एमओ आशिक इकबाल व सिकटा के डीलर संघ के प्रखंड अध्यक्ष चन्द्रदेव राम जीएमसीएच पहुंचकर मृत अधिकारी समेत घायल अधिकारी के परिजनों को सांत्वना दिलाया।फिर शव का पोस्टमार्टम जल्दी से कराने को कहा।
थानाध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-टेलर छोड़कर फरार हो गया है।यह ईंट बेचकर वापस मैनाटांड की ओर जा रहा था।मामले के दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-टेलर व दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर ली गई है।



