लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri) में गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा (Road Accident) हो गया। बस और डीसीएम के बीच हुई टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई है।25 से ज्यादा लोग घायल हैं। उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह जानकारी लखीमपुर खीरी एडीएम (Lakhimpur ADM) ने दी। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने इस दुर्घटना पर दु:ख प्रकट करते हुए समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसकी पुष्टि एडीएम संजय कुमार सिंह ने भी की।
एडीएम सिंह ने कहा कि यह हादसा बस और ट्रक के बीच टक्कर की वजह से हुआ है। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। 25 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
लखीमपुर खीरी स्थित ईसानगर इलाके में ऐरा खमरिया पुल पर हादसा हुआ है। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भेज दिया गया है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार बस धैराहरा से लखीमपुर के ओर जा रही थी। तभी दूसरे ओर से आ रही एक डीसीएम से टक्कर हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुट गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद लखीमपुर खीरी में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य युद्धस्तर पर कराने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।