पूर्व क्रिकेटर दिनेश मोंगिया ने मंगलवार को नई पारी की शुरुआत करते हुए राजनीति में पदार्पण कर दिया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ अपनी सियासी पारी की शुरुआत की है। उनके साथ ही कांग्रेस विधायक फतेह सिंह बाजवा और बलविंदर सिंह लड्डी ने भी पार्टी को अलविदा कह भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
पंजाब भाजपा के प्रभारी व केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पार्टी मुख्यालय में दिनेश मोंगिया और फतेह सिंह बाजवा को प्राथमिक सदस्यता की पर्ची और अंगवस्त्र देकर उन्हें पार्टी में शामिल कराया। मोंगिया और बाजवा के साथ ही कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह लड्डी ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
क्रिकेट की पिच पर मोंगिया का प्रदर्शन
मोंगिया ने अपने करियर में 57 वन-डे और एक टी-20 मैच खेला। इसमें उन्होंने कुल 1268 रन बनाए। 1995-96 में डेब्यू करने वाले मोंगिया ने 2002 में गुवाहाटी में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ 159 रनों की पारी खेलकर टीम में अपनी दावेदारी मजबूत की थी। 2003 में सौरव गांगुली की कप्तानी में वर्ल्ड कप का फाइनल खेला। मोंगिया 2007 में आखिरी बार क्रिकेट के मैदान में पंजाब की तरफ से खेलते दिखे थे। लेकिन इंडियन क्रिकेट लीग में खेलने की वजह से बीसीसीआई ने उन पर बैन लगा दिया था। साल 2019 में 42 साल की उम्र में भारतीय ऑलराउंडर ने संन्यास ले लिया था।
इसके अलावा पंजाब के कई अन्य चर्चित शख्सियतें भाजपा में शामिल हुईं। दिलचस्प बात ये है कि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने हाल ही में बाजवा के विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक रैली में कहा था कि आगामी चुनाव में उम्मीदवारों की सूची में पहला टिकट फतेह सिंह का होगा, किंतु बाजवा ने कांग्रेस को ही अलविदा कह आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
शेखावत ने मोंगिया, बाजवा और अन्य का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि इन सभी के आने से पंजाब में भाजपा को और मजबूती मिलेगी।