बंगाल की खाड़ी में बना “आसानी” (Asani Cyclone) चक्रवाती तूफान से पश्चिम बंगाल के समुद्री तटीय क्षेत्रों में बारिश हो रही है। तेज हवाएं चल रही हैं। चक्रवाती तूफान लगातार मजबूत हो रहा है। यह जानकारी सोमवार को मौसम विज्ञान विभाग ने दी।
फिलहाल यह चक्रवात सोमवार सुबह करीब 8:00 बजे अंडमान निकोबार दीप समूह के पोर्ट ब्लेयर से 620 किलोमीटर उत्तर पश्चिम और आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम समुद्र तट से 640 किलोमीटर दक्षिण पूर्व, ओडिशा के पुरी समुद्र तट से 740 किलोमीटर दक्षिण दक्षिण पूर्व में स्थित था।
भयानक चक्रवाती तूफान में बदलने का खतरा
मौसम विभाग ने असानी की गति और तीव्रता के अपने पूर्वानुमान में कहा, इसके बाद गंभीर चक्रवाती तूफान के बुधवार को भयानक चक्रवाती तूफान में बदलने और गुरुवार तक गहरे दबाव में बदलने की संभावना है। यह कहते हुए कि यह प्रणाली ओडिशा या आंध्र प्रदेश में नहीं आएगी, आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि चक्रवात पूर्वी तट के समानांतर चलेगा और मंगलवार शाम से बारिश होने का कारण बनेगा।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक यह धीरे-धीरे तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। इसकी वजह से पश्चिम बंगाल, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हो रही है। पश्चिम बंगाल में इसका सबसे अधिक प्रभाव 10 मई को पड़ेगा। नौ मई तक समुद्र से मछुआरों को वापस लौटने को कह दिया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वी क्षेत्रीय निदेशक जीके दास के मुताबिक चक्रवात के प्रभाव से दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर समेत कोलकाता, हावड़ा और हुगली में बारिश हो रही है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है।
मंगलवार को 60- 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। सोमवार को राजधानी कोलकाता में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। 12 मई को चक्रवात का प्रभाव खत्म हो जाएगा।