बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है जहां अपराधियों ने एक विभत्स हत्या को अंजाम दिया है। जो जानकारी आ रही है उसके मुताबिक, नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र में एक बच्चे की हत्या कर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया।
वारदात नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के कुसमहौत गांव की है, यहां मृतक छह वर्षीय अंकुश कुमार स्थानीय निवासी दामोदर साह का पुत्र है। घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार की सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन कर रही है।






सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने आए परिजन ने बताया कि अंकुश गुरुवार की शाम करीब चार बजे घर से खेलने के लिए निकला था। लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजन एवं आसपास के ग्रामीण अंकुश की तलाश कर रहे थे। तलाशी के दौरान देर रात दामोदर साह के घर के पीछे स्थित पानी भरे गड्ढे से शव बरामद किया गया है।
शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों ने किसी से भी दुश्मनी से इंकार किया है, लेकिन आरोप लगाया है कि गला दबाने के बाद चाकू से गोदकर अंकुश की हत्या कर शव पानी में फेंक दिया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा होगा।








