



संदीप सिंह राठौड़ औरैया, उत्तर प्रदेश, देशज टाइम्स ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के थाना व कस्बा बेला के तिर्वा रोड़ पर मंगलवार की दोपहर विपरीत दिशा में आ रही बाइक ने सामने से आ रही स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार नर्स की मौत हो गई जबकि उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी बेला में भर्ती कराया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मैनपुरी जनपद के कस्बा करहल निवासी बेबी चक्रवर्ती (40) पत्नी रूपेश कुमार चक्रवर्ती तिर्वा मेडिकल कॉलेज में हेड नर्स के पद पर कार्यरत थी। कुछ दिन पूर्व उनका स्थान्तरण उरई मेडिकल कॉलेज हुआ था।
सोमवार को वो अपने मायके फर्रुखाबाद जिले के कस्बा मोहम्दाबाद में भाई के पुत्र का जन्मदिन करके मंगलवार को अपने पुत्र अभिषेक सिंह व पुत्री युवांशी के साथ स्कूटी पर सवार होकर उरई जा रही थी।
उसकी स्कूटी जैसे ही कस्बा बेला के तिर्वा रोड स्थित साथी अस्पताल के सामने पहुंची थी, तभी सामने से गलत दिशा से आ रही काली पल्सर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार नर्स समेत उसके दोनों बच्चे गम्भीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कई बार 108 डायल किया। लेकिन, संपर्क न हो पाने की वजह से घायल अवस्था में तीनों को ई-रिक्शा की ओर से सीएचसी बेला में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉ. जितेन्द्र त्रिपाठी ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर महिला को मृत्य घोषित कर दिया।
वहीं, दोनों बच्चों को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।
सूचना पर पहुंचे थाना अध्यक्ष सुधीर भारद्वाज, कस्वा इंचार्ज राजीव कुमार, उपनिरीक्षक उदयवीर सिंह, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बच्चों को ढांढस बंधाया। परिजनों को सूचना दी। पति रूपेश कुमार सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत है।
अभी फर्रुखाबाद से उनका स्थानांतरण मणिपुर हो गया, वो वहीं तैनात हैं। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि पल्सर बाइक का पता लगाया जा रहा है। गाड़ी नंबर मिल गया है। परिजनों को सूचना कर दी गयी है। शिकायती पत्र मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।





