दिल्ली में बाढ़ का पानी अब सारी सीमाएं लांघकर शहर के कई इलाकों में पहुच गया है। कश्मीरी गेट, आईटीओ जैसे इलाकों के बाद पानी सिविल लाइन्स तक पहुंच गया है। यमुना का जलस्तर 208.46 मीटर तक पहुंचने के साथ पानी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बेहद करीब आ गया है।
दिल्ली अत्यधिक वर्षा से बेहाल हो चुकी है। मानसून की बारिश ने इस बार दशकों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सड़कें, गली, मोहल्ले सभी जलमग्न हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री का सरकारी आवास सिविल लाइन्स इलाके में मौजूद हैं, जहां सड़कें पानी में डूब गईं हैं। सीएम आवास के अलावा पानी सचिवालय के पास भी पहुंच गया है। उधर, सनलाइट कॉलोनी इलाके में बाढ़ के पानी में डूबकर एक शख्स की मौत हो गई है।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा कि यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। अब पानी 208.46m पर पहुंच गया है। बढ़ते हुए जल स्तर के कारण, यमुना के आस पास की सड़कों पर आ गया है। वहां प्रशासन लोगों से अनुरोध कर रहा है कि इन रास्तों पर ना जाएं।
हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के चलते यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को ही 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद यमुना ने दिल्ली में तबाही के संकेत दे दिए थे। गुरुवार सुबह तक पानी 208.46 मीटर तक पहुंच गया।
इसके साथ ही दिल्ली के कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया। बाढ़ की वजह से कई सड़कों को बंद करना पड़ा है तो यमुना किनारे कॉलोनियों में कई फीट पानी आ गया है। हजारों लोगों को जान बचाकर शिविरों में भागना पड़ा है।
मयूर विहार फेज वन, वजीराबाद, खजूरी, राजघाट जैसे इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। दर्जनों सड़कों को बंद करना पड़ा है। दिल्ली के जैतपुर इलाके में भी पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। यमुना किनारे बसे एनसीआर के दूसरे इलाकों में भी पानी लबालब हो गया है।







