

केवटी, देशज टाइम्स। शेर पे सवार हो के आजा शेरावालिए, शेरावालिए मां ज्योतावालिए…, मन लेके आया माता रानी के भवन में…। मां को समर्पित गीतों से माहौल देवीमय हो गया है। सोमवार को भक्तों ने माता के नौवें स्वरूप मां सिद्विदात्री की पूजा की। देवी मंदिरों व पूजा पंडालों में मां दुर्गा की पूजा के लिए अहले सुबह से भीड़ उमड़ने लगी। हाथों में पूजा की थाल, नारियल, चुनरी व पूजन सामग्री लेकर पूजा के लिए जगह-जगह कतारबद्ध भक्तों का धैर्य देखते बन रहा था।
केवटी, पैगंबरपुर, दिधियार, लदारी, ननौरा, कोयला स्थान, करजापंट्टी, माधोपट्टी, पिंडारूच, बग्धा, नयागांव, मोहम्मदपुर तेलिया पोखर, रजौड़ारही टोल, मोहनपुर, छतवन और हाटगाछी छतवन आदि जगहों के मंदिरों में स्थापित माता की प्रतिमा के समक्ष प्रसाद चढ़ाने और खोइछा भरने के लिए सुबह से ही महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी थी।
मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारे लगी रही । अपनी बारी का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह दिखा। प्रखंड के कई हिस्सों से पहुंचे भक्तों ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई। इस दौरान घंट-घड़ियाल, शंख ध्वनी व मां के जयकारे से पूजा स्थल के आसपास का माहौल गूंजता रहा।
मंदिरों में विराजमान देवी-दुर्गा को ओड़हुल की माला, चुनरी आदि चढ़ाने के लिए होड़ मची थी। केवटी में मिशन चंद्रयान -3 व करजापट्टी में पटना के महाबीर मंदिर एवं ननौरा में अयोध्या मंदिर आकृतिनुमा बने भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पूजा स्थल पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।असामाजिक व शरारती तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। विघि व्यवस्था को लेकर केवटी व रैयाम तथा कमतौल थानाध्यक्ष क्रमशः रानी कुमारी व विनय कुमार और अमित कुमार अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सशस्त्र बल के साथ लगातार पेट्रोलिंग कर रहे है।



