दरभंगा, देशज टाइम्स। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बीती रात करीब आठ बजे आया तूफान काल बनकर लौट गया। कुशेश्वरस्थान में नाव पलट गई। चार की मौत से सहसा लोग भयभीत हो गए। वहीं, बिरौल अनुमंडल में तूफान ने कहर बरपाया। तेज हवाओं के साथ अंधड़ व तूफान ने कई पेड़ जड़ से उखड़ दिए। कच्चे मकान के छप्पर उड़ गए। दरभंगिया की रिपोर्ट…
बिरौल में हवाओं का इतना अधिक दबाव था, रास्ते पर जहां-तहां पेड़ गिर पड़े। इससे आने- जाने में लोगों को परेशानी हुई। रात में यूं ही पेड़ सड़कों पर गिरे रहे। सुबह सवेरे से ग्रामीणों ने उसे हटाने का काम शुरू किया। करीब चालीस मिनट तेज हवाओं का दबाव पूरे क्षेत्र में बने रहने से कई कच्चे घरों को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा। रोड पर गिरे हुए पेड़ हटाने में स्थानीय लोगों ने मदद की। इसके बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। कई जगह अभी भी बड़े-बड़े पेड़ गिरे हुए हैं। इसको हटाने के लिए स्थानीय प्रशासन को सूचित किया जा चुका है। उधर स्थानीय अधिकारियों ने तत्काल मदद के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। मगर, यातायात कई स्थानों पर अब भी बाधित है।