
आज दिल्ली से लेकर मुंबई तक निवेशकों की सांसें अटकी हुई हैं! भारतीय शेयर बाजार में इस हफ्ते की शुरुआत ही ऐसी हुई है, जिसने बड़े-बडे़ दिग्गजों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं. लगातार दूसरे कारोबारी दिन बाजार ने ऐसी पटखनी खाई है कि हर तरफ बस लाल निशान ही दिखाई दे रहा है.
मंगलवार, 9 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत ही नकारात्मक रही. सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी 50 लाल निशान के साथ खुले. सेंसेक्स 359.82 अंक या 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84,742.87 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी 50 में 93.45 अंक या 0.36 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 25,867.10 के लेवल पर खुला. सुबह करीब 9:20 बजे तक, बाजार में गिरावट और तेज हो गई. सेंसेक्स 472 अंक फिसलकर 84,630 अंक पर कारोबार कर रहा था, वहीं निफ्टी 50 भी 124 अंक की गिरावट के साथ 25,835 के स्तर पर ट्रेड कर रही थी.
मंगलवार को कौन उछला, कौन गिरा?
मंगलवार के कारोबारी सत्र में बीएसई पर कुछ शेयरों में तेजी दिखी, तो वहीं कई दिग्गज कंपनियों के शेयर लुढ़क गए.
- टॉप गेनर्स: टाइटन, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलिवर
- टॉप लूजर्स: एशियन पेंट, इटरनल, ट्रेंट, टेक महिंद्रा और रिलायंस
सोमवार का बाजार: बड़ी गिरावट का दिन
इससे पहले सोमवार, 8 दिसंबर को भी भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली थी. कारोबारी सत्र की समाप्ति पर दोनों प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे. सेंसेक्स 609.68 अंक या 0.71 प्रतिशत टूटकर 85,102.69 अंक पर बंद हुआ था. वहीं, एनएसई निफ्टी 50 भी 225.90 अंक या 0.86 प्रतिशत फिसलकर 25,960.55 के लेवल पर बंद हुई थी.
सोमवार को बीएसई बास्केट में कुछ शेयरों ने बढ़त हासिल की, जबकि अधिकांश में गिरावट दर्ज की गई.
- टॉप गेनर्स (बीएसई बास्केट): टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, रिलायंस और एचडीएफसी बैंक
- टॉप लूजर्स (बीएसई बास्केट): इटरनल, ट्रेंट, टाटा स्टील, अडानी पोर्ट और बजाज फाइनेंस
सेक्टरवार प्रदर्शन पर नजर डालें तो निफ्टी आईटी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी 100, निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी बैंक के शेयर भी लाल निशान पर बंद हुए थे. कुल मिलाकर, सोमवार के कारोबारी दिन बीएसई बास्केट से केवल 4 शेयर हरे निशान पर बंद हुए, जबकि 26 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जो बाजार की व्यापक कमजोरी को दर्शाता है.





