
रिश्वत: नालंदा पुलिस विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब राजगीर थाने के पुलिस अवर निरीक्षक (SI) देवकांत कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 90 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। यह घटना राजगीर के गिरियक रोड पर हुई, जहां एक डॉक्टर से केस डायरी और जब्त पिस्तौल छुड़ाने के नाम पर दारोगा पैसे मांग रहा था।
नालंदा जिले के राजगीर थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (SI) देवकांत कुमार को शनिवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई राजगीर के गिरियक रोड स्थित रिलायंस ट्रेंड्स के पास की गई। दारोगा एक स्थानीय डॉक्टर से केस डायरी बनाने और उनकी जब्त लाइसेंसी पिस्टल को रिलीज करने की रिपोर्ट तैयार करने के नाम पर पैसों की मांग कर रहा था।
रिश्वत की मांग और डॉक्टर की शिकायत
पीड़ित डॉक्टर संजय कुमार सिंह, जो नालंदा मोड़ स्थित मौसम हॉस्पिटल से जुड़े हैं, ने बताया कि उनके खिलाफ गलत तरीके से एक मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले की केस डायरी बनाने और उनकी लाइसेंसी पिस्टल वापस दिलाने के बदले दारोगा देवकांत कुमार लगातार उनसे पैसों की मांग कर रहा था। डॉक्टर के अनुसार, दारोगा फोन पर बार-बार दबाव डालता था कि बिना पैसे के काम नहीं होगा। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1। शनिवार को दारोगा ने डॉक्टर को 90 हजार रुपये लेकर कैलाश आश्रम बुलाया। जब डॉक्टर वहां पहुंचे, तो दारोगा ने सरकारी सीसीटीवी का हवाला देकर उन्हें गिरियक रोड स्थित ओला शोरूम और रिलायंस ट्रेंड्स के पास आने को कहा। डॉक्टर ने पहले ही इस मामले की शिकायत पटना स्थित निगरानी ब्यूरो से कर दी थी।
निगरानी ने बिछाया जाल, दारोगा धराया
निगरानी टीम ने पूरी जांच के बाद जाल बिछाया था। जैसे ही डॉक्टर की गाड़ी रिलायंस ट्रेंड्स के पास रुकी, दारोगा देवकांत पैसे लेने के लिए गाड़ी में बैठ गया। डॉक्टर के हाथ से पैसे लेते ही सादे कपड़ों में मौजूद निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इस तरह, 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दारोगा गिरफ्तार हुआ। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1। डॉक्टर संजय कुमार सिंह ने गिरफ्तारी के बाद कहा कि उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया था और आज आरोपी को उसके कर्मों की सजा मिल गई है। निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हो गई थी। आरोपी दारोगा के पास से केमिकल लगे नोट भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को पटना लेकर गई है, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें







