Bakrid: भागलपुर में बकरा ईद की तैयारियां जोरों पर हैं। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिख रहा है। इसी क्रम में, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए और सदस्यों के सुझावों पर गंभीरता से विचार किया गया।
भागलपुर के समीक्षा भवन में आज जिलाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में “ईद-उल-जोहा” (Bakrid) को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में समिति के सदस्यों ने त्योहार के दौरान नमाज स्थलों पर व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनमें शामिल हैं:
- नमाज अदा करने वाले स्थलों पर साफ-सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव।
- सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस गश्त।
- महर्षि मेही आश्रम के पास वाले सड़क पर बिजली तार की स्थिति दुरुस्त करवाना और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करना।
- नमाज स्थलों के समीप पीने के पानी के टैंकर की व्यवस्था।
- कुर्बानी स्थल के अपशिष्ट पदार्थों का उचित निष्पादन।
जिलाधिकारी ने शांति समिति को संबोधित करते हुए कहा कि उनके सभी सुझावों को गंभीरता से नोट कर लिया गया है। उन्होंने समिति को अब तक सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बधाई भी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सड़क मरम्मती, नमाज स्थलों पर साफ-सफाई, ब्लीचिंग और चूने का छिड़काव तुरंत कराया जाएगा। महर्षि मेही आश्रम के पास बिजली तारों को दुरुस्त करने के लिए कार्यपालक अभियंता विद्युत शहरी क्षेत्र को निर्देश दिए गए हैं। पीएचईडी को पीने के पानी के टैंकर की व्यवस्था करने और नगर निगम को कुर्बानी स्थल के अपशिष्ट पदार्थों का निपटान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
Bakrid की तैयारियों पर प्रशासन का सख्त रवैया
जिलाधिकारी ने भागलपुर के सभी थानों को गहन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट और उचित कागजात के गाड़ी चलाने वालों पर गंभीरता से कार्रवाई हो और जुर्माना लगाया जाए। इसके अतिरिक्त, परीक्षा को देखते हुए सभी होटल और रेस्ट हाउस की जांच के भी निर्देश दिए गए। रेस्टोरेंट में किसी भी व्यक्ति को काम पर रखने से पहले उसका कैरेक्टर वेरिफिकेशन करवाना अनिवार्य होगा।
नगर पुलिस अधीक्षक ने भी जिला शांति समिति को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर लिया गया है और वहां पुलिस बल की तैनाती रहेगी। नमाज अदा के समय पुलिस द्वारा गश्त की जाएगी। जिलाधिकारी ने 26 मई से ही गश्त शुरू करने के निर्देश दिए। सिटी एसपी ने यह भी जानकारी दी कि शहर में एक मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम है, लेकिन त्योहार को देखते हुए एक और गश्त टीम का गठन किया जाएगा।
अफवाहों पर कड़ी निगरानी
अफवाहों पर निगरानी रखने के लिए सोशल मीडिया टीम सक्रिय है जो लगातार मॉनिटरिंग करती रहेगी। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की अफवाह मिलने पर सीधे पुलिस को सूचित करें, न कि उसे आगे प्रसारित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी घटना को अपने हाथ में न लें; इसके लिए प्रशासन को सूचित करें, प्रशासन अपने स्तर से कार्रवाई करेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय सिस्टम को मजबूत करें, क्योंकि जब सिस्टम मजबूत होगा तो सभी समस्याओं का समाधान होगा। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
इस महत्वपूर्ण बैठक में संयुक्त निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अजय कुमार चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय श्री राकेश कुमार सहित तमाम संबंधित पदाधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें







