Jehanabad News: बिहार के जहानाबाद में जन स्वराज पार्टी के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार के घर चोरी की बड़ी वारदात हुई है। नगर थाना क्षेत्र के होरिलगंज स्थित प्रेम नगर मोहल्ले में मंगलवार सुबह चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति चुरा ली। चोरों ने घर से नकदी और आभूषण समेत लगभग आठ लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ किया।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
पीड़ित परिवार ने बताया कि यह घटना तड़के करीब तीन बजे हुई। चोरों ने खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घर में सेंध लगाई और अलमारी का लॉकर तोड़कर कीमती सामान और नगदी लेकर फरार हो गए। मुकेश कुमार के मुताबिक, चोरी की इस घटना के दौरान परिवार के सदस्यों ने एक चोर को कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद तुरंत डायल-112 और नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की देरी से चोर भागने में सफल
चोरी की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। इस देरी का फायदा उठाकर चोर खिड़की की ग्रिल तोड़कर भागने में सफल रहा। मुकेश कुमार ने यह भी जानकारी दी कि चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
लगातार हो रही चोरियों से आक्रोश
मुकेश कुमार ने बताया कि प्रेम नगर-होरिलगंज इलाके में पहले भी ऐसी कई घटनाएं हुई हैं, लेकिन अब तक किसी भी अपराधी को पकड़ा नहीं जा सका है। उन्होंने पुलिस गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही इन चोरियों से आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
नगर थाना प्रभारी उमेश कुमार ने चोरी की सूचना मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि लिखित शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी जाएगी। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने रात्रि गश्ती और मोबाइल पेट्रोलिंग को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश भी दिए हैं।







