Darbhanga Accident: दरभंगा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया है। दरभंगा के केवटी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार 25 वर्षीय युवक कुसेश्वर पंडित को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से हनुमान नगर गांव में मातम छा गया है, और मृतक का आठ माह का मासूम बेटा पिता के साये से वंचित हो गया।
यह हादसा दरभंगा-जयनगर एनएच 527 बी पर पाराडीह ब्लू वेल पब्लिक स्कूल के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ। हनुमान नगर गांव के वार्ड-5 निवासी कुसेश्वर पंडित अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक से मधुबनी जिले के पंडौल थाना अंतर्गत देपुरा गांव स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।






हादसे की खबर जैसे ही हनुमान नगर और आसपास के इलाकों में फैली, गांव में कोहराम मच गया। कुसेश्वर की पत्नी अंजनी देवी और माता चानो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अंजनी देवी बार-बार बेहोश होते हुए सिर्फ यही कह रही थीं,

‘हमर जीवन कोना बिततै हो भगवान!’
गांव की महिलाएं और पुरुष भी उनकी हालत देखकर भावुक हो गए, अपनी आंखें पोंछते हुए उन्हें ढाढस बंधाने की कोशिश कर रहे थे।
कुसेश्वर पंडित अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और गांव में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनका एकमात्र पुत्र प्रियांशु कुमार अभी महज आठ महीने का है। बताया जा रहा है कि कुसेश्वर अपने ससुराल कटहल लाने जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद केवटी पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दी और शव की पहचान सुनिश्चित की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, हालांकि अभी तक आरोपी वाहन का पता नहीं चल पाया है।








