Bihar Airport: बिहार के कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। सुपौल जिले के बीरपुर एयरपोर्ट के विकास की दिशा में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण ने कोड-2बी श्रेणी के विमान संचालन के अनुकूल एयरपोर्ट बनाने के लिए 28.42 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। इस परियोजना के तहत रनवे, टैक्सीवे, एप्रन और अन्य आवश्यक एयरसाइड बुनियादी ढाँचे का विकास होगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि इस विकास से कोसी क्षेत्र में हवाई संपर्क मजबूत होगा और पूरे इलाके के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।






सीएम सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पर क्या लिखा?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बीरपुर एयरपोर्ट के विकास को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट दिया। उनके ट्वीट में कहा गया है कि कुल 64.80 करोड़ रुपये का निवेश उड़ान योजना के तहत किया जा रहा है।

10 मार्च 2026 को जारी 36.38 करोड़ रुपये की निविदा, जिसके अंतर्गत प्री-फैब्रिकेटेड टर्मिनल भवन, प्री-इंजीनियर्ड एटीसी टावर, प्री-इंजीनियर्ड फायर स्टेशन और अन्य विमानपत्तन भवनों का निर्माण किया जाना है, का कार्य भी संवेदक को आवंटित कर दिया गया है। इस प्रकार, उड़ान (RCS-UDAN) योजना के अंतर्गत बीरपुर हवाई अड्डे के विकास पर कुल 64.80 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जिससे कोसी क्षेत्र में हवाई संपर्क सुदृढ़ होगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
बीरपुर एयरपोर्ट के विकास से मिलेंगे बड़े फायदे
बीरपुर एयरपोर्ट के पूरी तरह विकसित होने के बाद कोसी-सीमांचल क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। अभी तक सुपौल, अररिया, मधेपुरा या सीमांचल के अन्य जिलों के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए पटना या बागडोगरा जैसे दूर के हवाई अड्डों पर निर्भर रहना पड़ता था। बीरपुर से विमानों की उड़ान शुरू होने के बाद उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, यह एयरपोर्ट भारत-नेपाल सीमा के करीब स्थित होने के कारण प्रशासनिक और रणनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। एयर कनेक्टिविटी मजबूत होने से न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे। आस-पास के जिलों में बुनियादी ढांचा भी मजबूत होगा, जिससे पूरे क्षेत्र का चौतरफा विकास संभव हो पाएगा।









