Hajipur Crime News: बिहार के हाजीपुर में एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर स्थित सिक्स लेन पुल के पास हुई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चेचर निवासी अंशुमन कुमार के रूप में हुई है, जो सुनील कुमार सिंह के बेटे थे और 12वीं कक्षा में पढ़ते थे।
गोली मारकर हत्या, फिर भाई का सनसनीखेज आरोप
जानकारी के अनुसार, अंशुमन कुमार मोटरसाइकिल से सिक्स लेन पुल की ओर गए थे। उनके भाई गौरव कुमार ने दावा किया है कि अंशुमन नए बने सिक्स लेन पुल पर फोटो और सेल्फी लेने गए थे। इसी दौरान चेचर गांव का निवासी आलोक कुमार सिंह वहां पहुंचा। गौरव के मुताबिक, पहले चार पहिया वाहन से अंशुमन को टक्कर मारी गई, जिससे वह गिर गया। इसके बाद उस पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं। गौरव कुमार का आरोप है कि अंशुमन को छह से सात गोलियां मारी गईं, हालांकि पुलिस ने अभी इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
अंशुमन के भाई गौरव कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा, “यही सम्राट की सरकार है, मैं तेजस्वी यादव से भी कहूंगा राजपूत की हत्या हुई है कुछ करना है तो करिए। यादव की हत्या होती तो आप तुरंत चले जाते।”
राजनीतिक उदासीनता पर उठाए सवाल
परिजनों का कहना है कि अंशुमन का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था, इसलिए इस अचानक हुई हत्या से परिवार सदमे में है। गौरव कुमार ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए सरकार और विपक्षी नेताओं पर राजनीतिक उदासीनता का आरोप लगाया है, खासकर राजपूत समुदाय से संबंधित मामलों को लेकर। उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि यादव समुदाय के किसी व्यक्ति की हत्या होती तो वे तुरंत मौके पर पहुंच जाते।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही रुस्तमपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।







