Pawan Singh Bharat Tiwari: भोजपुर के शाहपुर प्रखंड स्थित बेलौटी गांव में सोमवार की अहले सुबह करीब तीन बजे ‘पावर स्टार’ Pawan Singh अचानक Bharat Tiwari के घर पहुंचे। उनके पहुंचते ही घर में भावुक माहौल छा गया। पवन सिंह ने सबसे पहले भरत तिवारी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे डेढ़ से दो घंटे तक परिवार के सदस्यों के बीच बैठे, उनकी बातें सुनीं और न्याय की लड़ाई में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
‘भरत तिवारी हम बनब’, बहन ने बांधी राखी
मुलाकात के दौरान पवन सिंह ने भरत तिवारी की भतीजी से राखी भी बंधवाई। परिवार के सदस्यों ने बताया कि पवन सिंह ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा,
‘भरत तिवारी हम बनब’
भरत की मां आशा देवी ने जानकारी दी कि पवन सिंह ने केस से जुड़ी पूरी जानकारी ली और परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए उनके साथ खड़े रहने की बात कही। पवन सिंह के इस आश्वासन से परिवार को बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री से बात कर न्याय दिलाने का आश्वासन
भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी के अनुसार, पवन सिंह ने मुख्यमंत्री से भी इस मामले में बात करने का आश्वासन दिया है। परिवार का कहना है कि पवन सिंह के इस भरोसे से न्याय की लड़ाई को लेकर उनकी उम्मीदें और भी मजबूत हुई हैं। उन्हें विश्वास है कि अब उनकी आवाज सत्ता के गलियारों तक पहुंचेगी और भरत तिवारी के लिए न्याय की जंग को नई ताकत मिलेगी।
इस भावुक मुलाकात के दौरान पवन सिंह मीडिया के सामने कुछ भी कहने से बचते नजर आए। हालांकि, उनका अचानक भरत तिवारी के घर पहुंचना परिजनों के लिए एक बेहद संवेदनशील पल रहा, जिसने उनके संघर्ष को नई दिशा दी है।








You must be logged in to post a comment.