Jale Accident: दरभंगा जिले के जाले में एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। बुधवार को जोगियारा-कमतौल मार्ग पर ढ़ढ़िया मोड़ के पास तेज रफ्तार सब्जी लदे पिकअप ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार एक महिला और एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के बाद दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जाले ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया।
सड़क पर गिरे, हालत चिंताजनक
पीड़ितों की पहचान मुरैठा पंचायत के छोटी महुली कचहरी टोला निवासी 35 वर्षीया अजीमा खातून, जो नूर आलम की पत्नी हैं, और 22 वर्षीय मो. नाजिस, जो मो. जावेद के पुत्र हैं, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अजीमा खातून और मो. नाजिस बाइक से मुरैठा से कमतौल बाजार की ओर जा रहे थे। ढ़ढ़िया मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने की मदद
टक्कर के बाद मौके पर तुरंत लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को सीएचसी जाले पहुंचाया। जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दरभंगा के डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।







