Siwan News: सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के शामपुर गांव में दीपावली का पावन पर्व मातम में तब्दील हो गया। दीप जलाने के दौरान अचानक साड़ी में आग लगने से एक 65 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिनकी पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

दीपावली की शाम हुआ भयानक हादसा
शामपुर गांव निवासी बुद्धनाथ तिवारी की 65 वर्षीय पत्नी देववंती देवी दीपावली की शाम अपने घर में पारंपरिक रूप से दीप जला रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी साड़ी में आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गईं। घर में चीख-पुकार मचने पर परिजन तुरंत दौड़े और किसी तरह आग पर काबू पाया।

अस्पताल दर अस्पताल भटकना पड़ा
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी देववंती देवी को बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल से भी बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
फौजी बेटों के घर में पसरा मातम
मृतका देववंती देवी पांच बेटों की मां थीं। उनके परिवार में दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके बेटे बिपिन तिवारी कानपुर स्थित गन फैक्ट्री में कार्यरत हैं, जबकि विजय तिवारी और विनय तिवारी देश की सेवा में सेना में तैनात हैं। एक अन्य बेटे अभय तिवारी बाहर रहते हैं, जबकि सबसे छोटे बेटे निर्भय तिवारी घटना के समय गांव में ही मौजूद थे। वहीं, पति बुद्धनाथ तिवारी घटना के वक्त गांव के बाजार में खरीदारी करने गए थे। इस अचानक हुए हादसे से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।







