Akshara Singh ने एक बार फिर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका ने जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से पटना स्थित उनके आवास पर मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान अभिनेत्री के पिता भी उनके साथ मौजूद रहे।

राजनीतिक दिग्गजों से मुलाकातों का दौर
भोजपुरी स्टार की राजनेताओं के साथ बैठकों का यह सिलसिला कोई नया नहीं है। इससे पहले भी अक्षरा सिंह की कई बड़े नेताओं से मुलाकातें चर्चा का विषय बन चुकी हैं। कुछ समय पहले उन्होंने मोकामा विधायक अनंत सिंह से भी मुलाकात की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।

आज पटना स्थित आवास पर भोजपुरी एवं हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह जी ने अपने पिताजी के साथ शिष्टाचार मुलाकात की।
अनंत सिंह से मुलाकात के दौरान विधायक ने उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया था, जिसके बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा था कि वहां उन्हें घर जैसा अपनापन महसूस हुआ। आगामी 25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का विवाह है, जिसमें अक्षरा सिंह के शामिल होने की भी चर्चा है।
सम्राट चौधरी से भी हो चुकी है मुलाकात
इससे पहले पिछले महीने की पांच तारीख को अक्षरा सिंह ने अपने पिता के साथ बिहार के प्रमुख नेता सम्राट चौधरी से भी उनके आवास पर मुलाकात की थी। उस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की गई थीं, जिसे दोनों पक्षों ने एक औपचारिक भेंट बताया था।लगातार हो रही इन मुलाकातों के बाद से राजनीतिक विश्लेषकों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह किसी नए राजनीतिक सफर की शुरुआत है। हालांकि, इन अटकलों पर अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है और सभी इसे केवल शिष्टाचार भेंट मान रहे हैं।







