Siwan News: सीवान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव स्थित नोनिया टोला में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। छह नवंबर को शराब और जुआ के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और पथराव की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अन्य नामजद लोगों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हुआ था हमला
चैनपुर ओपी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामगढ़ गांव के नोनिया टोला में अवैध रूप से शराब और जुआ का कारोबार चल रहा है. इसी सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी मौके पर छापेमारी करने पहुंचे थे. छापेमारी के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया. आरोप है कि इस दौरान पुलिस के हथियार छीनने का भी प्रयास किया गया. जब पुलिस ने इसका विरोध किया और सख्ती दिखाई, तो उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए.

ओपी अध्यक्ष और चौकीदार हुए थे घायल
इस अचानक हुए पथराव और झड़प में चैनपुर ओपी अध्यक्ष विजय रंजन कुमार और चौकीदार भूपेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने इसे बेहद कड़ाई से लिया है. थानाध्यक्ष विजय रंजन कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस एफआईआर में कुल 30 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 50 अन्य अज्ञात महिला और पुरुषों को भी आरोपित बनाया गया है.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम
पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए घटना में शामिल छह मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है. गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- गीता देवी (महिला आरोपी)
- टुनटुन महतो
- आदित्य महतो
- मंजेश महतो
- संतोष महतो
- सचिन महतो
इन छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य फरार आरोपितों की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा.







