Saptakranti Express के इंजन पर एक युवक के अचानक चढ़ जाने से शुक्रवार को यात्रियों की सांसें थम गईं। मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जा रही इस ट्रेन के ऊपर से गुजर रहे हाई-वोल्टेज करंट के बीच युवक की इस हरकत से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि समय रहते रेलवे कर्मियों और सुरक्षा बलों ने सूझबूझ का परिचय दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टाल दिया गया। ट्रेन करीब आधे तक चकिया स्टेशन पर खड़ी रही।


चकिया स्टेशन पर हाई वोल्टेज ड्रामा: सप्तक्रांति एक्सप्रेस के इंजन पर चढ़ा युवक, आधे घंटे तक ट्रेन रोकी गई
मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जा रही सप्तक्रांति एक्सप्रेस में शनिवार को हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। चकिया रेलवे स्टेशन पर एक युवक अचानक ट्रेन के इंजन पर चढ़ गया, जिससे रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
युवक की जान बचाने के लिए स्टेशन पर हाई टेंशन बिजली लाइन काट दी गई और ट्रेन को करीब आधे घंटे तक रोके रखना पड़ा।घटना के बाद आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
युवक की पहचान मुंगेर जिले के असरगंज निवासी गुलशन कुमार बिंद के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। घटना के दौरान स्टेशन पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
युवक को सुरक्षित उतारने और स्थिति सामान्य होने के बाद सप्तक्रांति एक्सप्रेस को आगे रवाना कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चकिया स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
घटना की शुरुआत तब हुई जब ट्रेन चकिया स्टेशन के पास गुमटी संख्या 137 ए से गुजर रही थी। वहां तैनात गेटमैन इंद्र कुमार मंडल और आरपीएफ जवान चंद्रगुप्त यादव की नजर अचानक इंजन पर बैठे युवक पर पड़ी। युवक इंजन के ऊपर चढ़कर लगातार हंगामा कर रहा था। ओवरहेड तार से गुजर रहे करंट के कारण वहां कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी।
बिजली काटकर बचाई गई जान
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन अधीक्षक शंभू ठाकुर ने तुरंत समस्तीपुर कंट्रोल को इसकी जानकारी दी और तत्काल बिजली आपूर्ति बाधित करने का निर्देश दिया। करंट कटते ही राहत की सांस ली गई। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को इंजन से सुरक्षित नीचे उतारा। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान ट्रेन करीब तीस मिनट तक चकिया स्टेशन पर रुकी रही, जिससे यात्रियों में भी गहमागहमी बनी रही।
ट्रेन जब गुमटी संख्या 137 ए से गुजर रही थी, तब गेटमैन और आरपीएफ जवान ने सूचना दी कि एक युवक इंजन पर चढ़ा हुआ है। तुरंत कंट्रोल को सूचना देकर बिजली कटवाई गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। – शंभू ठाकुर, स्टेशन अधीक्षक







