Khagaria News: खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड कार्यालय परिसर के भीतर संचालित कौशल विकास केंद्र में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सुरक्षित माने जाने वाले सरकारी परिसर के अंदर हुई इस वारदात से स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में केंद्र का ताला तोड़कर वहां रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया।

प्रखंड कार्यालय परिसर में सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना की जानकारी तब सामने आई जब केंद्र के संचालक सुबह करीब नौ बजे संस्थान पहुंचे। उन्होंने केंद्र के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया और अंदर का सामान बिखरा हुआ था। केंद्र के संचालक तनमन कुमार ने स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। चोरी गए सामानों में पांच सीपीयू, आठ मॉनिटर, एक बैटरी और एक इन्वर्टर शामिल हैं, जिससे केंद्र के दैनिक कामकाज और प्रशिक्षण कार्यों पर भी संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस खंगाल रही है मामले के साक्ष्य
मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है। परबत्ता थाने के अपर थानाध्यक्ष सुमंत चौधरी ने बताया कि कौशल विकास केंद्र में चोरी की इस घटना के संबंध में लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास के तथ्यों व साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।





