Bihar Train Travel: लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न होने के बाद बिहार से बाहर नौकरी और कारोबार करने वाले लोगों की वापसी का सिलसिला तेज हो गया है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और पुणे जैसे देश के विभिन्न महानगरों में काम करने वाले लोग अपने परिवार के साथ छठ पूजा मनाने के बाद अब दोबारा अपने कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं। इसी के चलते बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।

त्योहार के बाद एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के लौटने से रेलवे स्टेशनों पर भारी चहल-पहल है। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ के साथ ट्रेनों में भी सीटों को लेकर मारामारी की स्थिति देखने को मिल रही है। इस बीच, ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

राजधानी एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं। ट्रेनों के विलंब से पहुंचने और रवाना होने के कारण यात्रियों को स्टेशनों पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। खासकर परिवार और बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सम्राट सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी।
यात्रियों का कहना है कि त्योहार के बाद समय पर अपने कार्यस्थल पहुंचना उनके लिए बेहद जरूरी है, लेकिन ट्रेनों की देरी के कारण उनकी यात्रा बुरी तरह प्रभावित हो रही है। रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए, यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी अवश्य ले लें।






