Gopalganj Gender Change: बिहार के गोपालगंज में एक 20 वर्षीय युवक की कहानी हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है। मीरगंज के मटिहानी निवासी छोटेलाल साह की पुत्री सोनी कुमारी ने अब अगस्तया गुप्ता के रूप में अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने दिल्ली एम्स में हार्मोन थेरेपी और कई सर्जरी के बाद जेंडर ट्रांजिशन कराया है। बचपन से ही खुद को लड़के के रूप में महसूस करने वाले अगस्तया ने अपनी इस यात्रा से एक नई मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

बचपन से ही महसूस होती थी ‘गलत शरीर’ में होने की असहजता
अगस्तया गुप्ता ने बताया कि बचपन से ही उनके शरीर में मेल हार्मोन बनते थे, लेकिन शारीरिक बनावट फीमेल की थी। स्कूल की पढ़ाई के दौरान उन्हें हमेशा एक लड़की के रूप में ही देखा गया, लेकिन उनके मन में हमेशा एक लड़का बनने की इच्छा रही। उन्हें लड़कियों के साथ खेलना बिल्कुल पसंद नहीं था, जबकि वे हमेशा लड़कों के साथ ही खेलना पसंद करते थे। घर में अक्सर लड़कियों जैसे कपड़े पहनने को लेकर बहस होती थी। अगस्तया को यह भी लगता था कि उनके साथ उनके भाई जैसा व्यवहार क्यों नहीं किया जाता।
10वीं के बाद बढ़ी उलझन, सोशल मीडिया से मिली नई राह
अगस्तया के अनुसार, 10वीं कक्षा के बाद जब पीरियड्स शुरू हुए और उनके शरीर में और अधिक बदलाव आने लगे, तो उन्हें यह गहरा अहसास हुआ कि शायद वे गलत शरीर में पैदा हो गए हैं। इस मानसिक और शारीरिक उलझन के बाद उन्होंने इंटरनेट और सोशल मीडिया पर इस विषय में गहन खोजबीन शुरू की। इसी दौरान उन्होंने ट्रांसजेंडर बॉडीबिल्डर आर्यन पाशा और राजवीर की जीवन यात्राओं को देखा, जिससे उन्हें जेंडर ट्रांजिशन की पूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया को समझने में मदद मिली।
दिल्ली एम्स में हार्मोन थेरेपी और कई जटिल सर्जरी
पर्याप्त जानकारी जुटाने के बाद अगस्तया ने दिल्ली एम्स (AIIMS) में विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह ली। नियमों के मुताबिक, 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद मनोचिकित्सक की जांच और जीआईडी (GID) प्रमाण पत्र मिलने पर एंड्रोलॉजिस्ट की देखरेख में उनकी हार्मोन थेरेपी शुरू की गई। शुरुआती महीनों में उन्हें हर 15 दिन पर 250 एमजी का हार्मोन इंजेक्शन दिया गया। एक साल तक चली इस थेरेपी के बाद एम्स में उनकी टॉप सर्जरी और गर्भाशय निकालने की सर्जरी (हिस्टेरेक्टॉमी) सफलतापूर्वक की गई। वर्तमान में उनकी हार्मोन थेरेपी जारी है और अगस्तया गुप्ता अपनी वास्तविक पहचान के साथ एक नई और खुशहाल जिंदगी जीना चाहते हैं।







