Darbhanga News: बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शुक्रवार की शाम सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की मनिकौली पंचायत के शेरहा टोला में 22 वर्षीय गुंजा देवी का शव फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद से ही उसका पति किशन सहनी फरार बताया जा रहा है, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके।
शादी के 6 महीने बाद अनबन और फिर मौत
मृतका गुंजा देवी की शादी छह महीने पहले ही किशन सहनी के साथ हुई थी। उसका मायका मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र की कांटा पंचायत अंतर्गत महुआरा गांव में है। स्थानीय ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार अनबन चल रही थी। बताया जा रहा है कि गुंजा इस शादी से खुश नहीं थी। उसका पति गांव में मजदूरी का काम करता है। घटना के बाद पति का फरार होना मामले को और भी संदिग्ध बना रहा है।
पिता पहुंचे, पुलिस कर रही जाँच
बेटी की मौत की खबर मिलते ही मुजफ्फरपुर से मृतका के पिता रंजीत सहनी दरभंगा पहुँचे। उन्होंने बताया कि परिवार में चार बहनें और दो भाई हैं, जिनमें गुंजा सबसे बड़ी थी और उसकी शादी सबसे पहले हुई थी। वे अभी बेटी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटा रहे हैं।
मौके पर पहुँचे एसआइ दिनेश शर्मा ने बताया, ‘शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। परिवार की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे इस संदिग्ध मौत से पर्दा उठ सके। पति के फरार होने के कारण पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।






