Darbhanga News: प्रभास रंजन दरभंगा।बिहार के दरभंगा में एक प्रशिक्षु दरोगा पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज आरोप लगा है। केवटी थाने में पदस्थापित प्रशिक्षु दरोगा नीतीश कुमार पर युवती ने शादी का झांसा देकर 9 महीने तक शारीरिक संबंध बनाने और फिर 30 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जगुनाथ रड्डी जलरड्डी ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है। पुलिस अब फरार दरोगा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

शादी का झांसा देकर संबंध, फिर ब्लैकमेलिंग का आरोप
सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने 17 नवंबर 2026 को महिला थाने में कांड संख्या 202/26 दर्ज कराया था। युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि दरोगा नीतीश कुमार ने मंदिर में उससे शादी करने का झांसा दिया। इस झांसे में आकर दरोगा ने 9 महीने तक उसे अलग-अलग होटलों में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, दरोगा ने युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए।
प्रभारी महिला थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया, ‘शुक्रवार को युवती का न्यायालय में बीएनएस 183 के तहत बयान दर्ज करवाया गया है। न्यायालय और उच्चाधिकारी के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुष्कर्म मामले में दरोगा नीतीश कुमार की गिरफ्तारी के लिए उसके घर सहित अन्य संभावित ठिकानों का पता लगाया जा रहा है।’
30 लाख रुपये की मांग और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
युवती ने आरोप लगाया है कि जब उसने सामाजिक तौर पर शादी करने का दबाव बनाया, तो दरोगा नीतीश कुमार ने उससे 30 लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर दरोगा ने उसके फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। युवती को यह भी जानकारी मिली थी कि नवंबर महीने में दरोगा नीतीश कुमार की किसी दूसरी लड़की से मगनी होने वाली है। आरोपी दरोगा मधेपुरा जिले का रहने वाला है, पुलिस उसके अन्य ठिकानों का भी पता लगा रही है।
एसएसपी की सख्त कार्रवाई, दरोगा निलंबित
इस पूरे मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रड्डी जलरड्डी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशिक्षु दरोगा नीतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। महिला थाना पुलिस ने आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद अब आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।








You must be logged in to post a comment.