
सिवान। जिले में दरौंदा थाना क्षेत्र के शेरही-उस्ती गांव के बीच सड़क पर सोमवार को दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अपराधियों ने हथियार के बल पर दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से एक लाख रुपये, लैपटॉप, मोबाइल, बाइक की चाभी एवं अन्य कागजात लूट लिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दारौंदा थाना क्षेत्र के दवन छपरा निवासी राम प्रसाद सिंह के पुत्र मुकेश कुमार सिंह जो एमएच नगर थाना क्षेत्र के पकडी बाजार पर भारतीय स्टेट बैंक का सीएसपी संचालन करते हैं ।




वे जब अपने सीएसपी के लिए जा रहे थे तभी शेरही गांव के समीप दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अपराधियों ने ओवरटेक कर रोक लिया ,और दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक लाख रुपये, लैपटॉप, मोबाइल, मोटरसाइकिल की चाभी, हैमलेट आदि लूट लिया एवं अपनी दोनों मोटरसाइकिल से बगौरा के तरफ भाग गए।
पीड़ित मुकेश कुमार सिंह ने घटना की सूचना दारौंदा पुलिस एवं अपने स्वजनों को दिया। (Crime in Bihar) घटना की सूचना मिलते ही दारौंदा थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह एवं अनि अमित कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ पुलिस घटना स्थल पर पंहुच कर जांच में जुट गए।







