
बिहार के सिवान से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां एक युवक की चुनावी रंजिश में हत्या कर दी गई है। हत्या कर शव को एमएच नगर के करमासी स्थित मिडिल स्कूल के समीप फेंक दिया गया है।
वोट डालकर लौट रहा था रंजीत




शनिवार को सड़क के किनारे गड्ढे से 27 वर्षीय युवक की हत्या कर फेंका गया शव बरामद किया गया है। हत्या की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है। मृतक की पहचान लहेजी पंचायत के नरकुल भगत टोला के निवासी शिवशंकर यादव के 27 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है।
परिजनों का कहना है कि युवक अपना वोट डाल कर जीरादेई के ठेपहा स्थित ससुराल अपने बाइक से गया था। देर शाम लौटने के क्रम में उसके साथ इस घटना को अंजाम दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रंजीत की लाश को सबसे पहले कोचिंग पढ़ने जा रहे बच्चों ने देखा। सड़क किनारे ही रंजीत की बाइक भी पड़ी थी। बच्चों के शोर मचाने पर लोग जुटे और फिर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
इसके बाद तो आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ वहां पड़ी, जितनी मुंह उतनी बातें होने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल में भेज दिया वहीं तहकीकात भी तेज कर दिया गया है।
वहीं इस घटना से पत्नी प्रियंका देवी व अन्य का रो रोकर बुरा हाल है। इस घटना को चुनावी माहौल में रंजिश के तहत हत्या की बात कही जा रही है।







