प्रदेशवासियों को फिलहाल ठंड (Weather News) राहत नहीं मिलने वाली है। राज्य में शीतलहर का प्रकोप जारी है। उत्तर पछुआ हवा से पटना सहित पूरे प्रदेश के अधिकतर जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों में पटना, गया, छपरा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही।। वहीं, घना कोहरा भी छाया रहा. प्रदेश के अधिकांश भागों में धूप नहीं निकली। कहीं-कहीं धूप निकली भी तो उसमें गर्माहट नहीं थी।
प्रदेश के लगभग 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे आ गया है। अभी दो दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी. दो दिनों तक बारिश के भी आसार हैं। गुरुवार को दरभंगा समेत संपूर्ण बिहार में उत्तर-पश्चिमी सूखी और बर्फीली हवा दस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बही है।
इसके कारण पटना, भागलपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, गया, सुपौल, पूर्वी चंपारण और अररिया में लगातार दूसरे दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी। शेष बिहार के मैदानी इलाके में भी कोल्ड डे की स्थिति लगातार बनी हुई है। कंपकंपी और गलन से लोग घरों में दुबके हुए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने अगले 24 घंटों के लिए दस जिलों, मुजफ्फरपुर, गया, पूर्णिया, भागलपुर, सुपौल, पूर्वी चंपारण, अररिया, दरभंगा और गोपालगंज में कोल्ड डे का अलर्ट जारी (No relief for next 24 hours, cold day alert) किया है।
पटना में फुलवारी शरीफ प्रखंड के ढिबड़ा पंचायत के कनकटी चक गांव में ठंड लगने के कारण जागरुप राम की पत्नी शान्ति देवी 60 वर्ष की मौत हो गयी। प्रखंड सचिव ने कहा कि कड़ाके की ठंड से गरीब महादलित महिला की मौत हुई है।
बिहार में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अंतर सिर्फ पांच से छह डिग्री का रह गया है। इधर 36 जिलों का न्यूतनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास या इससे कम रहा है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7. 4 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा में दर्ज किया गया।
मौसम का यह मिजाज अगले तीन तक बना रहेगा। रात का तापमान भले ऊपर चढेगा लेकिन बारिश और ओला गिरने की वजह से दिन के तापमान की ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी कर कहा कि 22 और 23 जनवरी को पटना सहित कुछ जिलों में बारिश और ओला गिरने के आसार हैं।
24 जनवरी के बाद ही मौसम में आंशिक सुधार होने की उम्मीद है। 21 जनवरी को कुछ जगहों पर ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। दरभंगा, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, अररिया, पूर्णिया, पटना, सारण जैसे जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। हालांकि पटना में आज सूरज देवता के दर्शन हुए हैं लेकिन इसके बावजूद ठंड से कोई राहत नहीं है।