
दरभंगा, देशज टाइम्स ब्यूरो। खेल स्कूलों में शिक्षा का एक अभिन्न अंग होना चाहिए, तभी बच्चे स्वस्थ व मजबूत होंगे। ऐसा ही कुछ दिखा शनिवार को रामबाग स्थित दरभंगा पब्लिक स्कूल में। मौका था, वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन का। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित एमएलएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विद्यानाथ झा ने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के महामंत्र दिए।

कहा कि व्यक्तित्व के समग्र विकास के लिए इस तरह की एक्टिविटी बहुत ही महत्वपूर्ण है। मौके पर स्कूल के चेयरमैन डॉ. लाल मोहन झा ने बताया, स्पोर्ट्स किसी भी स्कूली करिकुलम का एक अभिन्न हिस्सा है। बच्चों को इसकी तरफ रूझान स्वाभाविक व सहज होता है।इस प्रतियोगिता में स्कूली छात्र-छात्राओं को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया था।

किड्स सेक्शन में म्यूजिकल चेयर, नॉक द कोन व फ्रॉग रेस का आयोजन किया गया। इसमें, ऋषि,आशुतोष, ऐश्वर्या व आद्या ने बाजी मारी। जूनियर कैटेगरी में बॉल थ्रो, टॉफी रेस व मैथ रेस में अव्वल रहे सुधांशु, सौरभ, शिवानी व अन्या।

मीडियम श्रेणी में स्प्रिन्ट,सैक रेस, स्पून मार्बल रेस जैसे इवेन्ट्स में पहले स्थान प्राप्त करने वालों में आदित्य, सत्यम, गौरव व काजल शुमार रहीं।

सीनियर श्रेणी में स्प्रिन्ट के अलावा स्लो साइकिल रेस, शॉट पुट व रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इनमें जीत हासिल करने वालों में हर्षित व भास्कर शामिल रहे।

स्कूल के निदेशक विशाल गौरव ने बताया, कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्पोर्टस टीचर मंजर आलम, नीरज झा, आर के मिश्रा, प्रनीत झा व रीचा भंडारी ने विशेष रूप से योगदान दिया।








You must be logged in to post a comment.