

दरभंगा से इस वक्त की बड़ी खबर है जहां, मंडलकारा में बंद शराब तस्कर की संदिग्ध मौत डीएमसीएच में हो गई है। इसके बाद प्रशासन समेत जनप्रतिनिधियों में हरकत है। सभी इस संवेदनशील मामले में एक साथ बेहद गंभीर हैं। नेताओं और परिजनों ने जेल में रंगदारी का आरोप लगाते हुए पीट-पीटकर कर कृष्ण कुमार साह की हत्या करने की बात कहकर सनसनी फैला दी है। देशज टाइम्स के अपराध ब्यूरो प्रमुख संजय कुमार राय की रिपोर्ट
दरभंगा मंडलकारा में चार दिनों से बंद शराब तस्करी के मामले के आरोपी 30 वर्षीय कृष्ण कुमार साह की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। इस सूचना के बाद जिला पुलिस भी हरकत में आ गई। इस खबर के फैलते ही उसके परिजनों ने केवटी में एनएच को साढे़ तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया।
बंदियों की ओर से जेल में मारपीट किए जाने के बाद हुई मौत की आशंका जाहिर की गई है। इधर डीएमसीएच इमरजेंसी वार्ड परिसर में फ्रेंड्स ऑफ आनंद के नेता संतोष सिंह, जाप नेता राजेश कुमार यादव उर्फ चुनमुन यादव सहित अन्य ने जेल प्रशासन की भूमिका की जांच की मांग की।
बंदी की संदिग्ध स्थिति में मौत होने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि केवटी थाना क्षेत्र के बनवारी निवासी महेंद्र साह के पुत्र कृष्णा साहू शराब मामले में 29 मई को गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। लेकिन, चार दिनों के अंदर ही उसकी मौत हो गई।
जेल प्रशासन की ओर से कृष्णा को गंभीर स्थिति में गुरुवार की सुबह लगभग छह बजे डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। लेकिन, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नेताओं और परिजनों ने जेल में रंगदारी का आरोप लगाया है।
डीएमसीएच में पहुंचे उसके परिजन एवं उसके समर्थक और अन्य पार्टी के नेता ने कहा कि कृष्णा के शरीर पर कई जख्म के निशान हैं। सिर पर भी कटा-फटा बताया गया।
पैर में जख्म देखे गए और पीठ भी सूजा हुआ था। ऐसी स्थिति में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। परिजन खुलेआम पांच हजार रुपए जेल में कैदियों द्वारा मांगे जाने का आरोप लगा रहे है। परिजनों का कहना था कि रंगदारी का पैसा नहीं दिए जाने के कारण युवक की निर्ममता से पिटाई कर हत्या कर दी गई।
इधर परिजनों ने जेल प्रशासन पर कई आरोप लगाते हुये लहेरियासराय थाना में एक आवेदन दिया है !लहेरियासराय थानाध्यक्ष मदन प्रसाद ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।



