
मुख्य बातें
स्वजनों के साथ घर में सोया हुआ था बालक, सुप्तावस्था में सर्प ने काटा
फोटो: शव के नजदीक विलाप करते मृत बालक के परिजन
हरलाखी, मधुबनी देशज टाइम्स। प्रखंड के खिरहर थाना क्षेत्र के हिसार पंचायत अंतर्गत लक्ष्मीपुर टोल में सर्पदंश से एक 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृत बालक की पहचान रामबहादुर मुखिया के पुत्र चंदन कुमार मुखिया के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक बालक घर में अपने परिजनों के साथ सोया हुआ था। रात करीब एक बजे सोए हुए अवस्था में बालक को बाएं हाथ में विषैले सर्प ने काट लिया। जिसकी भनक किसी को नहीं लगी। कुछ देर बाद अचानक बालक की तबियत बिगड़ने लगी तो उसकी मां ने आस पास के लोगों को बुलाया। लेकिन तबतक देर हो गई थी।
बालक की मौत हो चुकी थी। बावजूद स्वजनों ने आस पास के एक निजी चिकित्सक से जांच करायी। जहां चिकित्सक ने बालक को मृत घोषित कर दिया। बालक एक भाई व एक बहन था। इकलौते पुत्र की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। बालक के माता पिता व बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही खिरहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया।



