
दरभंगा, देशज टाइम्स। दरभंगा रेलवे स्टेशन से शिरडी और ज्योतिर्लिंग यात्रा के लिए 750 श्रद्धालुओं के साथ पहली ट्रेन यहां से सोमवार को रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार, इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड ने पहली बार बिहार से स्वदेश दर्शन यात्रा की योजना बनाई है। यह स्वदेश दर्शन पर्यटक ट्रेन दरभंगा से खुलकर मुजफ्फरपुर और पाटलिपुत्रा जंक्शन पर तीर्थ यात्रियो को ट्रेन मे सवार होने के लिए रुकेगी।
विभिन्न तीर्थ स्थलों-उज्जैन (श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग), द्वारका (श्री नागेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री द्वारिकाधीश मंदिर), सोमनाथ (श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग) शिर्डी (साई बाबा दर्शन ) एवं नासिक (श्री त्रयंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं शनि शिंगनापुर मंदिर) का दर्शन कराते हुए, 10 दिन बाद यात्रियों को लेकर वापस दरभंगा लौटेगी।
पहली बार बिहार से खुलने वाली इस स्वदेश दर्शन ट्रेन में दो श्रेणी रखी गयी है। पहला स्लीपर क्लास, जिसमें प्रति व्यक्ति भाड़ा 18450 है। वहीं 03 एसी क्लास से यात्रा करनेवाले व्यक्ति को 29620 व्यय करना पड़ेगा। इसमे यात्रियों को उनके टिकट श्रेणी के अनुसार से वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित होटल मे रात्री विश्राम की सुविधा मिलेगी।
वहीं तीन समय शाकाहारी भोजन के साथ साथ सुबह, शाम चाय के साथ पानी का बोतल भी दिया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर घूमने के लिए गैर वातानुकूलित बस की व्यवस्था की गई है वहीं कोच मे सुरक्षा गार्ड, सफाईकर्मी और टूर एस्कॉर्ट भी उपलब्ध रहेगा।
इसको हरी झंडी दिखाकर रवाना करने स्टेशन पर सांसद डॉ.गोपालजी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, विधान पार्षद हरि सहनी पहुंचे थे। मौके पर ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों को मिथिला परंपरा अनुसार पाग व चादर देकर अभिवादन कर मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामना देते हुए ढोल नगाड़ों के बीच आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने सबों को पाग़ व चादर देकर सम्मानित किया।







