
मुख्य बातें
जिप अध्यक्ष ने मकिया में यात्री शेड, सड़क और शवदाह गृह का किया उद्घाटन
7.49 लाख की लागत से निर्मित यात्री शेड लोगों के बीच बना चर्चा का विषय
फोटो:बेनीपट्टी के मकिया में यात्री शेड का उद्घाटन करते जिला परिषद के अध्यक्ष व अन्य
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स। जिला परिषद अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव ने बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र के जिला परिषद क्षेत्र संख्या 5 में पंद्रहवीं और षष्ठम वित्त आयोग से निर्मित यात्री शेड, शवदाह गृह और सड़क का स्थानीय जिप सदस्य नसीमा परवीन के साथ उद्घाटन कर एक नए विवाद को जन्म दे दिया है। दरअसल, जिस जमीन पर जिला परिषद सदस्य ने खुद की अनुशंसित 15वीं वित्त आयोग मद वाली वर्ष 2021-22 की योजना से यह उद्धाटन किया है। वह सरकारी जमीन है। इतना ही नहीं इसका उपयोग भी उन्हीं के पारिवारिक सदस्य ज्यादा कर रहे हैं।
कारण कि यह निर्माण उन्होंने पति के घर सह दुकान से ठीक सटाकर सामने दरवाजे पर बनबाए हैं। तय है इस यात्री शेड का निर्माण सरकारी जमीन पर हुआ है, लेकिन, जिला परिषद सदस्य नसीमा परवीन के घर सह दुकान का बहरान रहने से वह जमीन उनके दरवाजे के रूप में प्रयुक्त होता रहा है।
यात्री शेड बनने से पूर्व भी उस जमीन का लाभ जिला परिषद सदस्य और उनके घर के लोगों की ओर से ही लिए जाने की बात बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जिप सदस्य ने अपने पति जुबैर अहमद के आवासीय परिसर सह दुकान से सटाकर सामने दरवाजे पर यात्री शेड का निर्माण करा दिया गया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि उद्घाटन से पूर्व जिप अध्यक्ष ने आवास सह उनके पति की दुकान वाले हिस्से में निर्माण कराने पर नाराजगी भी जाहिर की।
लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि सरकारी राशि से अपने घर के दरवाजे पर कराए गए यात्री शेड का पूरा लाभ यात्रियों को मिलने के बजाय अब जिला परिषद सदस्या, उनके पति व परिवार के सदस्यों को ही मिल सकेगा और मौका मिलने पर उसका व्यवसायिक उपयोग भी किया जा सकेगा। वहां लगे प्राक्कलन बोर्ड पर 15 वीं वित्त आयोग वर्ष 2021-22 विशनपुर पंचायत के मकिया गांव के इमाम अली अहमद चौक मेन रोड पर यात्री शेड का निर्माण कार्य जिला परिषद सदस्या नसीमा परवीन की ओर से अनुशंसित व जिला परिषद अध्यक्षा बिंदु गुलाब यादव की ओर से स्वीकृत दर्शाया गया है। जिसके अभिकर्ता जिला परिषद के अभियंता को बनाया गया है।
वहीं प्राक्कलन बोर्ड पर इसकी प्राक्कलित राशि कितनी है, यह भी उल्लेखित नही है। जबकि करीब 7.49 लाख उक्त योजना की प्राक्कलित राशि बतायी जा रही है। यात्री शेड के उद्घाटन के बाद 4 लाख 37 हजार रुपये की लागत से 144 फुट में बनी सड़क और 7 लाख 49 हजार रुपये की लागत से निर्मित शवदाह गृह का भी उद्घाटन किया गया।
मौके पर जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी कुमारी, नसीमा प्रवीण, विजय मार्शल, नवीन कुमार मिश्र, मो.जुबेर, कमल बैठा, आलम अंसारी, बादल गुप्ता, मो. सलाम, हरि नारायण मिश्र, ब्रह्मदेव महतो, रंजन मिश्र, नूर अलि, हरि पासवान, मो. जिलानी व राम हृदय यादव, मेराज आलम, शंकर कुमार, आलमगीर और परवेज आलम सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।







