
दरभंगा, देशज टाइम्स अपराध ब्यूरो। चोरी के जेवरात खरीद बिक्री करने वाले तीन लोगों को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही हीरे का एक ब्रेसलेट भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किये गये तीनों को रविवार को दरभंगा न्यायालय में उपस्थित किया।
न्यायालय से ट्रांजिट ऑर्डर लेकर पंजाब पुलिस सभी को साथ ले गई। एसएसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर साइबर सेल की मदद से तीनों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सुंदरपुर बापू चौक निवासी ललन कुमार साह,उसका चचेरा भाई संतोष कुमार साह व नगर थाना क्षेत्र के राजकुमार गंज निवासी अजय महिपाल शामिल है। इनके पास से चोरी का कुछ जेवरात भी बरामद किया गया है। हालाकि दरभंगा पुलिस और पंजाब पुलिस बरामद जेवर को बताने से परहेज कर रही है।
जानकारी के अनुसार पंजाब के एसएएस नगर जिला के मेटौर थाना क्षेत्र में पुलिस के एक आलाधिकारी के रिस्तेदार के घर से जेवर सहित कई कीमती सामानों की चोरी हुई थी। इस मामले को लेकर मेटौर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच और साक्ष्य के आधार पर कुछ दिन पहले सदर थाना क्षेत्र के धोई से दो लोगों को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इन लोगों ने ललन साह के हाथ जेवर बेचने की बात कही थी।
ललन ने बताया कि अपने चचेरे भाई संतोष के सहयोग से कुछ जेवरात राजकुमार गंज के व्यवसाई अजय महिपाल के हाथों बेचा था। अजय के पास से कुछ जेवरात बरामद किया गया है। बरामद जेवरों में क्या क्या है, कितने का है,किसका है यह बात बताने से पुलिस इंकार कर रही है।







