
पटना से बड़ी खबर है यहां दीघा के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित फ्लिपकार्ट ऑफिस को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने 3.50 लाख कैश लूट कर फरार हो गए। आफिस में चार अपराधियों ने घुसकर तांडव मचाया। इससे पहले अपराधियों ने कार्यालय में घुसकर अंदर से शटर डाउनकर वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार,फ्लिपकार्ट ऑफिस में बीती शाम कैश की लूट हुई। मगर, पुलिस को जानकारी ठीक एक घंटे बाद दी गई। पुलिस मुख्यालय के अनुसार शाम 7 बजे के करीब वहां के स्टाफ की ओर से दीघा थाना लिखित रूप से साढ़े 3 लाख रुपए कैश लूटे जाने की सूचना दी गई।
अब सवाल है कि पुलिस को सूचना देने में देरी क्यों की गई? संदेह की यह पहली वजह है। दूसरी वजह ये है कि लूट से संबंधित किसी प्रकार का एविडेंस भी पुलिस को नहीं दिया गया। सीसीटीवी है पर उसका डीवीआर मशीन नहीं है। वहां के स्टाफ दावा कर रहे हैं कि अपराधी उसे अपने साथ ले गए।
यह वारदात रविवार की शाम की है। सोमवार को यह मामला सामने आया। लूट के इस मामले को दबाने की कोशिश हुई है। फ्लिपकार्ट से जुड़े लोग इस मामले पर कुछ बोलने से बच रहे हैं। थाना स्तर पर भी इस बारे में कुछ बताया नहीं जा रहा था। दोपहर में जब एसएसपी से बात की गई तो उन्होंने इसे कंफर्म किया। साथ ही बताया कि पटना पुलिस की नजर में कैश लूट का यह मामला संदेहास्पद है।
इस कैश लूट के पीछे संदेह होने का पुलिस ने तीसरी और बड़ी वजह भी गिना दी है। दरअसल, अब से 11 महीने पहले 9 जनवरी को इसी ऑफिस में अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 12 लाख रुपए लूट लिए थे। एसएसपी के अनुसार उस वक्त भी किसी प्रकार का कोई एविडेंस नहीं दिया गया था।
इसी बार भी ऐसा ही हुआ। लेकिन, एक अलग बात जरूर हुई थी। इंश्योरेंस के रुपयों के लिए कंपनी की स्टाफ के तरफ से क्लेम किया गया था। शक है इस बार भी ये लोग क्लेम करेंग। ऐसे में संदेह है कि कहीं इंश्योरेंस के रुपयों के लिए तो ऐसा नहीं किया गया है? फिलहाल कैश लूट के इस मामले की जांच चल रही है।




