
भोजपुर से बड़ी खबर है कि जहां उपेंद्र कुशवाहा के काफिले पर हमला हुआ है। घटना भोजपुर जिले के जगदीशपुर का है जहां उपेंद्र कुशवाहा जब नयका टोला मोड़ के पास से गुजर रहे थे तभी उनके काफिले पर पत्थर चले। जगदीशपुर के पास कुशवाहा का जमकर विरोध किया गया।
इस दौरान विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों और समर्थकों के बीच बवाल मच गया। समर्थकों ने विरोध करने वालों को लाठी डंडों से पीट दिया। हमले में दो लोगों के सिर फट गए। उपेंद्र कुशवाहा बक्सर से भोजपुर जिले में एक निजी कार्यक्रम को लेकर आए थे।
बताया जा रहा है कि जगदीशपुर के नयका टोला के मोड़ के पास कुशवाहा लौट रहे थे। कुछ लोग उनका स्वागत करने के लिए खड़े थे। तभी कुछ लोग विरोध करने भी पहुंच गए। उपेंद्र कुशवाहा की गाड़ी के समीप काला झंडा दिखा दिया। इसके बाद कुशवाहा समाज के कार्यकर्ताओं ने विरोध करने वालों को जमकर पीटा।
उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार की शाम खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी भी दी। उन्होंने अपनी बात कहते हुए सीएम नीतीश कुमार और बिहार पुलिस को टैग भी किया है। उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर लिखा, अभी भोजपुर जिला के जगदीशपुर में नयका टोला मोड़ के पास से गुजर रहे काफिला में शामिल मेरी गाड़ी पर कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया, पत्थर फेंका। सुरक्षाकर्मियों के दौड़ने पर सभी भाग निकले।






