
मधुबनी जिले के मधवापुर प्रखंड के साहरघाट नायक टोल के किराना व्यवसायी राजेश मेहता के बेटे 19 साल के शानू ने ड्रीम 11 में एक करोड़ जीता है। यह खबर आते ही शानू के घर में खुशियों की लहर दौड़ गई। पिता राजेश मेहता ने कहा, जब उन्हें पता चला कि उनका बेटा ऑस्ट्रेलिया के बैश विनिंग प्रतियोगिता में 1,0000000 रुपये जीता है, उनका सपना पूरा हो गया। शानू ने घर में बहार ला दी। इसके साथ ही शानू का भी Dream 11 पर गेम खेलकर एक करोड़ जीतने का सपना पूरा हो गया।
जानकारी के अनुसार, मधुबनी के मधवापुर प्रखंड के साहरघाट नायक टोल निवासी शानू कुमार मेहता का सपना पूरा हो गया। 19 वर्षीय शानू कुमार मेहता ने गेम में एक करोड़ का इनाम जीता है। शानू ने बताया कि मैंने ये इनाम ऑस्ट्रेलिया के बैश विनिंग प्रतियोगिता में अपनी टीम बनाई। इसमें मुझे यह जीत हासिल हुई है। मैं बचपन से ही क्रिकेटर बनना चाहता था। मगर वहां तक पहुंच नहीं सका।
शानू के जीत की खबर गांव में फैलते ही, बड़ी संख्या में लोग उसके घर बधाई देने के लिए पहुंचने लगे। शानू इंटर साइंस का छात्र है और दिल्ली में रहकर क्रिकेट की कोचिंग ले रहा है। शानू पिछले छह महीने से ड्रीम इलेवन के जरिए टीम बनाता था। लंबे दिनों तक पैसा लगाने के बाद आखिरकार उसे सफलता मिल ही गई। पहले तो उसे अपनी कामयाबी पर विश्वास नहीं हुआ लेकिन जब उसके खाते में एक करोड़ रुपए आए तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शानू लकी ड्रा में जीते हुए पैसे को अपने पिता को सौंपेगा जिससे उनके व्यवसाय का दायरा बढ़े। साथ ही साथ इस पैसों से वह क्रिकेट की अच्छी ट्रेनिंग भी ले सकेगा।







