
खूंटी से बड़ी खबर है जहां शहर के अमृतपुर मुहल्ले में एसएस कल्याण छात्रावास के सामने एक कच्चे मकान में मंगलवार तड़के आग लगने से घर में सो रही मां-बेटी 70 वर्षीय सुसाना कच्छप और उनकी 35 वर्षीय मूक बधिर सुषमा कच्छप की जलकर दर्दनाक मौत हो गई है। घर में मृतका सुसाना उसकी बेटी और बहन सलोनी होरो रहती है।
अगलगी की इस घटना में बच गई सलोनी होरो ने बताया कि मकान के अंदरूनी हिस्से में उसकी दीदी और भतीजी एक बेड पर सोई हुई थी, जबकि वह मकान के बाहरी हिस्से के बरामदे में सोई थी। तड़के लगभग सवा तीन बजे उसे आग लगने का पता चला।
इसके बाद उन्होंने घर के बाहर निकल कर मदद के लिए चीख-पुकार की, लेकिन आस-पास मौजूद घरों से कोई बाहर नहीं आया। उसकी आवाज सुन पास ही मौजूद आदिवासी छात्रावास में रहने वाले एसएस प्लस टू के विद्यार्थी सहायता के लिए आगे आए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।







