
भागलपुर से इस वक्त की बड़ी खबर है जहां नवगछिया थाना क्षेत्र में हाइवे पर गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में आग लग गई। इसके बाद एक-एक कर सिलेंडर में विस्फोट होने लगा। ट्रक में 100 से अधिक सिलेंडर लदे हुए थे। वहीं हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हाइवे पर दोनों तरफ गाड़ियों को रोक दिया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार देर रात 2.30 बजे एनएच-31 की है। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि ट्रक भागलपुर की तरफ से खगड़िया की ओर जा रहा था। इसी बीच भागलपुर-खगड़िया की सीमा पर स्थित सतीशनगर में एनएच 31 पर गैस सिलेंडर से लदे ट्रक में अचानक आग लग गई।
इसके बाद ट्रक पर लदे सिलेंडर में एक-एक कर विस्फोट होने लगा। ट्रक में 100 से ज्यादा रसोई गैस लदे हुए थे। धमाके की आवाज दूर के इलाकों तक सुनाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हाईवे पर दोनों तरफ के आवागमन को रोक दिया।
दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। बहुत देर तक सिलेंडर में धमाके होते रहे। सूचना मिलने के बाद मौके पर दमकल पहुंची और आग को बुझाने के प्रयास किए गए। हालांकि सिलेंडर में लगातार विस्फोट होने के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। हाईवे पर जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।





