
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के बाद बिहार के एक और नेता को जेड कैटेगरी सुरक्षा दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एलजेपी (R) प्रमुख और जमुई सांसद चिराग पासवान को जेड कैटेगरी सुरक्षा दी है।
चिराग पासवान को IB की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर यह सुरक्षा देने का निर्णय किया गया है। IB की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट आने के बाद एलजेपी के चिराग पासवान गुट ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जेड कैटेगरी की VIP सुरक्षा दी है। चिराग पासवान को यह सुरक्षा बिहार में दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार,आईबी की तरफ से जारी रिपोर्ट में चिराग पासवान की जान को खतरा बताया गया था। जिसका हवाला देते हुए उनकी पार्टी लोजपा(रामविलास) ने गृह मंत्रालय से चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की। आईबी की रिपोर्ट और इस मांग को संज्ञान में लेते हुए गृह मंत्रालय ने चिराग पासवान को Z कैटेगरी की सुरक्षा देने का फैसला लिया है।
चिराग पासवान की सुरक्षा अपग्रेड किए जाने के पीछे कई तरह के राजनीतिक कयास भी लगाए जा रहे है। एक बार फिर से केन्द्रीय मंत्रिमडल में चिराग के शामिल होने की खबर तेज हो गई है। पिछले कुछ समय से भाजपा और चिराग पासवान की नजदीकियां काफी बढ़ी हैं।
बिहार उपचुनाव में भी वो खुल कर भाजपा का समर्थन करते दिखे थे। इसके साथ ही केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मुलाकात भी खुब सुर्ख़ियों में रही थी। ऐसा अनुमान है कि जल्द ही केन्द्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है जिसमें चिराग पासवान को भी जगह मिल सकती है। चिराग पासवान को मिली Z कैटेगरी की सुरक्षा का भी यही मतलब निकाला जा रहा है।
चिराग पासवान को मिली जेड कैटेगरी सुरक्षा में 33 सुरक्षागार्ड तैनात होंगे। इसके साथ ही हथियार से लैस 10 सुरक्षाकर्मी उनके आवास पर तैनात रहेंगे। साथ ही 6 राउंड द क्लॉक पीएसओ, तीन शिफ्ट में आर्म्ड स्कॉर्ट के 12 कमांडो, वाचर्स शिफ्ट में 2 कमांडो और 3 ट्रेंड ड्राइवर राउंड द क्लॉक मौजूद रहेंगे।
इससे पहले बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। गृह मंत्रालय ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की सुरक्षा को अपग्रेड करके पूरे देश के लिए जेड श्रेणी कर दिया है। इससे पहले उन्हें पश्चिम बंगाल में जेड श्रेणी की सुरक्षा मिलती थी। नित्यानंद राय को बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था, तब उन्हें सीआरपीएफ की जेड श्रेणी सुरक्षा दिया गया था।
चिराग पासवान को Z कैटेगरी की सुरक्षा दिए जाने के बाद इसके राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे है। बताया जा रहा है कि चिराग पासवान से केंद्र सरकार खुश है और उन्हें जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कीमंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। चिराग को मिली VIP सुरक्षा को इस से ही जोड़ कर देखा जा रहा है।






