Bhagalpur Murder: बिहार के भागलपुर में एक बिल्डर की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित अपने ही कार्यालय में बिल्डर बजरंग कुमार का शव मिला था, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया था। अब पुलिस का दावा है कि इस खूनी खेल के पीछे अवैध संबंध और आपसी विवाद की गहरी साजिश छिपी थी, जिसमें उनकी प्रेमिका ही कातिल निकली।







खूनी रात की परतें खुलीं: अवैध संबंध और तकरार
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक बजरंग कुमार का पिरपैंती निवासी सीमा कुमारी के साथ अवैध संबंध था। घटना वाली रात सीमा भी बजरंग के कार्यालय में ही मौजूद थी। पूछताछ के दौरान सीमा ने कबूल किया कि दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने थे, लेकिन इसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी तकरार हो गई।
नशे में सोये बिल्डर का गला रेता
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद बजरंग कुमार नशे की हालत में सो गए। इसी मौके का फायदा उठाकर सीमा ने कार्यालय में ही रखी धारदार दबिया उठाई और बजरंग के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हत्यारे ने सिर्फ गले पर ही नहीं, बल्कि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई वार किए, जिससे बजरंग की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीमा कुमारी वहां से फरार हो गई थी।
12 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, प्रेमिका गिरफ्तार
हालांकि, भागलपुर पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड को सुलझाने में जरा भी देर नहीं लगाई। तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर ही पूरी गुत्थी सुलझा ली और आरोपी सीमा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया दबिया और मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सबूत भी बरामद किए हैं।
फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार प्रेमिका सीमा कुमारी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इस मामले से जुड़े हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके। इस मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में पनपते अपराधों की भयावह तस्वीर सामने ला दी है।









You must be logged in to post a comment.