बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायज़ा लेने के लिए केंद्र से 6 सदस्यीय टीम पटना पहुंची। बिहार के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ से काफी तबाही मची हुई है। सूबे में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए आज केंद्रीय टीम पटना पहुंची। इसके साथ ही दरभंगा समाहरणालय के अंबेडकर सभागार में भी सेंट्रल टीम की मीटिंग चल रही है।
गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश कुमार सिंह कर रहे हैं टीम का नेतृत्व
जानकारी के अनुसार, दरभंगा का अधिकांश हिस्सा बाढ़ प्रभावित रहा है। इसको देखते हुए टीम की यह मीटिंग काफी अहम है। इससे पूर्व 6 सदस्यीय इस टीम का नेतृत्व गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश कुमार सिंह कर रहे हैं।
इससे पहले केंद्रीय टीम बाढ़ से हुए नुकसान की बाबत राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें पटना स्थित केंद्र सरकार के मंत्रालयों के दो अधिकारी केंद्रीय जल आयोग के निदेशक निगरानी संजीव सुमन और सड़क एवं राजमार्ग परिवहन मंत्रालय के अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार लाल भी शामिल हुए। टीम दो दिनों तक बिहार में रहकर बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेगी।
इसके अलावा विभिन्न मंत्रालयों के 5 अन्य अधिकारियों को टीम का सदस्य बनाया गया है। बिहार में बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लेने पटना पहुंची केंद्रीय टीम दो दिनों तक बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा करेगी और तबाही का जायजा लेगी।
अब तक जो जानकारी है उसके मुताबिक, दरभंगा में केंद्रीय टीम का स्थल निरीक्षण का कार्यक्रम है। दरभंगा में दरभंगा, समस्तीपुर व मुजफ्फरपुर के अधिकारियों के साथ बाढ़ से हुए नुकसान पर बैठक होनी है। बैठक के बाद टीम पटना लौट आएगी।
वहीं दूसरे दिन केंद्रीय टीम भागलपुर व नवगछिया में बाढ़ से हुए नुकसान का हवाई सर्वे करेगी। इसके बाद भागलपुर में टीम के स्थल निरीक्षण का भी कार्यक्रम है। स्थल निरीक्षण के बाद भागलपुर में स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्रीय टीम पटना लौट आएगी। अगले दिन आपदा प्रबंधन विभाग के साथ उच्चस्तरीय बैठक के बाद केंद्रीय टीम वापस दिल्ली लौट जाएगी।