
दरभंगा, देशज टाइम्स। जिलाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में जिलाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में नशा मुक्त बिहार एवं फीट बिहार हॉफ मैराथन दौड़ के आयोजन की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी परिमल ने बताया कि लोगों में नशा मुक्ति हेतु जागरूकता लाने के लिए मद्यनिषेध अभियान के तहत 13 नवंबर को दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिले में हॉफ मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाना है।
इसमें प्रथम विजेता को पांच हजार, द्वितीय विजेता को तीन हजार एवं तृतीय विजेता को दो हजार एवं सात अन्य को एक-एक हजार रूपये कुल-10 विजेता को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें प्रमाण-पत्र एवं मेडल भी प्रदान किया
जाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि मैराथन के सभी प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट की व्यवस्था की जाए तथा प्रत्येक 01 किलोमीटर पर स्वास्थ्य शिविर, पेयजल इत्यादि की व्यवस्था की जाए। स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था करने का निर्देश सिविल सर्जन, दरभंगा को दिया गया।
पहला मैराथन दौड़ नेहरू स्टेडियम से प्रातः 07ः00 बजे प्रारंभ होगा, जो 05 किलोमीटर का होगा प्रथम मैराथन समाप्त होने के उपरांत पुनः दूसरा मैराथन 10 किलोमीटर के लिए प्रारंभ किया जाएगा।
स्वतंत्र प्रतिभागियों को अपना निबंधन 08 नवम्बर से पहले जिला खेल कार्यालय, नेहरू स्टेडियम में करा सकते हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यालय के प्रतिभागी विद्यार्थियों की सूची सीधे जिला खेल पदाधिकारी को उपलब्ध कराएगे, जिन्हें निबंधन की आवश्यकता नहीं होगी।
एनसीसी, नेहरू युवा केन्द्र एवं एनएसएस को रूट लाइनिंग एवं मैराथन आयोजन में सहयोग करने का निर्देश दिया गया।
उक्त बैठक में उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, वरीय उप समाहर्त्ता टोनी कुमारी, जिला खेल पदाधिकारी परिमल, एनसीसी के प्रतिनिधि, नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी जेपी मेहता उपस्थित थे।


You must be logged in to post a comment.