

बिरौल देशज टाइम्स डिजिटल डेस्क। दो दिनों पूर्व थाना क्षेत्र के पड़री गांव में प्रेमचंद्र ठाकुर की पत्नी पुनिता देवी के घर का ताला तोड़कर सोना एवं चांदी का जेवरात चोरी के मामले का उदभेदन हो गया।
पिछले दिनों थाना कार्यालय में इसका खुलासा करते हुए एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि पुनि सह थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश झा के आदेश पर पुअनि सह अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार एवं सअनि प्रभु नारायण यादव, सशस्त्र बल के साथ बिरौल थाना कांड संख्या 97/2023, धारा 457,380 भादवि के प्राथमिकी आरोपी केशव कुमार ठाकुर उर्फ भोला ठाकुर को पड़री स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। केशव की तलाशी लेने पर उसके फुलपैंट के चोर पॉकेट से
सोना जैसा चार पीस बड़ा छोटा कान की बाली, सोना जैसा छोटा हनुमान जी का लॉकेट, सोना जैसा नाक का छूछी दो पीस, एक पीस चैन जिसमें लॉकेट लगा हुआ जिसपर नगीना बैठाया हुआ, सोना जैसा एक पीस चैन, एक चाकू स्टील जैसा, एक रेडमी कंपनी की मोबाइल तथा एक हाथ का कड़ा स्टील जैसा बरामद की गई।
एसडीपीओ ने बताया कि केशव कुमार ठाकुर उर्फ भोला ठाकुर ने बतलाया कि वे अपने सहयोगी साथी सन्नी कुमार राम, विपिन कुमार राम दोनों ग्राम साहो थाना बिरौल, रितेश कुमार मंडल ग्राम पड़री थाना बिरौल के साथ 11 मार्च 23 को रात्री में पुनिता देवी के घर का ताला तोड़कर सोना एवं चांदी का जेवरात चोरी किये थे। केशव के बताए निशानदेही पर बारी-बारी से छापेमारी एवं तलाशी की गई।
इस दौरान पुलिस ने सन्नी कुमार राम के पास से रेडमी कंपनी का एक मोबाइल, विपिन कुमार राम के पास व घर से एक लोहे का बना पुराना एवं खराब अवस्था मे देशी पिस्तौल तथा एक विभो कंपनी का एण्ड्रोइड मोबाइल बरामद किया। विपिन कुमार राम का पूर्व का अपराधिक इतिहास रहा है।
इसके विरुद्ध बहेड़ा थाना थाना में कांड संख्या 114/22 दिनांक 20 मार्च 22 धारा 414 भादवि एवं 25(1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट दर्ज है। एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि केशव ठाकुर एवं इसके गिरोह का बड़ा नेटवर्क है। जिसपर पुलिस नजर रखी हुई है।


